
सितार के अनमोल मणि पण्डित मणिलाल नाग
9 नवम्बर की शाम प्रतिष्ठित सितार वादक पं. मणिलाल नाग के अवसान की सूचना मिली तो मन गहरे अवसाद से भर गया। उनके सितार में सुरों की जो सादगी और सचाई थी, उनका जो अद्भुत सम्मोहन था, वह आज दुर्लभ है। आज तो संगीत में भी आँधी-तूफान और तकनीकी प्रयोगों का बोलबाला है। इसके विपरीत, उनके सितार में कोई झंझावात नहीं था। वह अपने सुरों के माध्यम से सीधी-सच्ची बात करता था और दिमाग को झकझोरने की बजाय सीधे दिल में उतर जाता था। आश्चर्य हुआ कि उनके निधन की सूचना ने संगीत जगत को अपेक्षित रूप से विचलित नहीं किया। संचार माध्यम भी उस महान् कलाकार को श्रद्धांजलि देने में प्रायः मौन रहे। भीड़-भाड़ और प्रचार-प्रसार से दूर अपने संगीत में खोए रहने वाले इस कलाकार के प्रति यह उपेक्षा मुझे गहरे अवसाद से भर गयी।
मुझे याद है, मैंने मणि दा को पहली बार 1970 के दशक में लखनऊ के रविन्द्रालय में सुना था। उनका भव्य कार्यक्रम हुआ था और तबले पर पं. रंगनाथ मिश्र ने अत्यन्त सुन्दर संगति की थी। वह समय था जब संगीत के आकाश में पं. रविशंकर, उस्ताद विलायत खान, उस्ताद इमरत खान, पं. निखिल बनर्जी और उस्ताद अब्दुल हलीम जाफर खान जैसे सितार वादक जगमगा रहे थे। इन्हीं के बीच युवा सितार वादक पं. मणिलाल नाग की ख्याति धीरे-धीरे फैल रही थी। उनका सितार मुझे पं. निखिल बनर्जी के सितार के बहुत निकट प्रतीत हुआ था। पखावज के खुले और जोरदार अंग तथा धमार ताल के वादन में लय की बारीक काट-छाँट के बीच भी उनके स्वरों का सम्मोहन मुझे आकर्षित करता था।
वे विष्णुपुर घराने के सितार वादक थे, जिसमें ध्रुवपद अंग की प्रधानता है। लेकिन उनके सितार में ध्रुवपद की भव्यता के साथ खयाल की रूमानियत भी थी। यही विशेषता उन्हें अपने समकालीन और वरिष्ठ सितार वादकों से अलग करती थी। उनके वादन पर पं. निखिल बनर्जी का प्रभाव अवश्य दिखाई देता था। एक बार दिल्ली में बातचीत के दौरान मैंने उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने सहजता से कहा था, “आपके आरोप से मुझे इनकार नहीं है। लेकिन पं. निखिल बनर्जी बहुत महान् कलाकार थे। उनके जैसा दूसरा कलाकार बनना बहुत मुश्किल है। उनके जैसा बनने की कोशिश कई कलाकारों ने की, लेकिन उनके सितार की सुगंध लोगों को मेरे सितार में अनुभव हुई। इसका कारण यह है कि मैंने निखिल दा की कभी नकल नहीं की, न ही उनकी कार्बन कॉपी बनने की कोशिश की। उनके कुछ गुणों को अपनी तरह से अपनाया। मैंने स्वयं को अपनी जड़ों से भी अलग नहीं किया। निखिल दा उस्ताद अमीर खान से प्रभावित थे, मैं भी उनसे प्रभावित हूँ। वे भीड़-भाड़ और शोर-गुल से दूर रहना पसन्द करते थे। मैं भी ऐसा ही हूँ। वे सुरों की सादगी और सचाई पर विश्वास करते थे, मैं भी करता हूँ। शायद इसी कारण लोगों को हमारे बीच साम्यता दिखाई देती है। स्वभाव में भी हम दोनों एक जैसे थे, इसलिए सितार में भी कुछ समानता होना स्वाभाविक है।”
मणि दा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और संगीत की चकाचौंध से दूर थे। हालाँकि, पाँच-छह वर्ष पहले तक उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। उनकी लगभग हर यात्रा में उनसे मुलाकात होती और कभी संक्षिप्त तो कभी लम्बी बातचीत भी होती थी। पं. जगदीश मोहन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पं. आशीष सेनगुप्ता ने उनके साथ संगति की थी। पं. पार्थो दास के आयोजन में पं. सुधीर पांडेय ने संगति की, जबकि पं. भजन सोपोरी द्वारा आयोजित सामापा संगीत सम्मेलन में पं. प्रदीप सरकार ने उनका साथ दिया था। इसी सम्मेलन में उन्हें प्रतिष्ठित सामापा वितस्ता सम्मान भी प्रदान किया गया था।
यह उल्लेख करना चाहूँगा कि इस सम्मान के लिए मैंने ही उनके नाम का सुझाव दिया था। अपने बड़े भाई समान मित्र पं. भजन सोपोरी के आग्रह पर मैंने मणि दा को फोन करके सम्मान स्वीकार करने और कार्यक्रम में आने का निमन्त्रण भी दिया था। दिल्ली आगमन पर उनसे मेरी लम्बी बातचीत हुई थी, जो बाद में मेरी पुस्तक में प्रकाशित हुई।
16 अगस्त 1939 को पश्चिम बंगाल के बांकुरा में जन्मे पं. मणिलाल नाग ने पाँच वर्ष की उम्र से ही अपने पिता और प्रख्यात सितार वादक पं. गोकुल नाग से सितार की विधिवत् शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी। युवा होते-होते उन्होंने पं. रविशंकर के छन्द और कृंतन, उस्ताद विलायत खान की तानों की शैली, उस्ताद अली अकबर खान के आलाप और पं. निखिल बनर्जी की मींड़ की विशेषताओं को अपने वादन में समाहित किया। लेकिन इन सबके बावजूद उन्होंने अपनी अलग और अभिनव शैली विकसित की।
1954 में लगभग साढ़े चौदह वर्ष की उम्र में उन्हें कोलकाता की संस्था ‘राग और रूप’ द्वारा आयोजित नौ दिवसीय संगीत सम्मेलन में पहली सार्वजनिक प्रस्तुति का अवसर मिला। पं. गोकुल नाग के पुत्र होने के कारण उस सम्मेलन में उपस्थित पं. अनोखेलाल मिश्र, उस्ताद अलाउद्दीन खान, पं. विनायक राव पटवर्धन, उस्ताद हाफिज अली खान, उस्ताद मसीत खान, उस्ताद अहमद जान थिरकवा और पं. ओंकारनाथ ठाकुर जैसे अनेक दिग्गज संगीतकार उन्हें सुनने पहुँचे थे। बालक मणि के वादन से सभी अत्यन्त प्रभावित हुए।
उनकी प्रस्तुति समाप्त होने के बाद संगीत मार्तंड पं. ओंकारनाथ ठाकुर ने मंच पर जाकर घोषणा की, “यह बच्चा कल भी बजाएगा।” फिर प्रथम पंक्ति में बैठे पं. अनोखेलाल मिश्र से कहा, “इस बच्चे के साथ कल आप बजाएंगे।” अगले दिन बालक मणि ने पं. अनोखेलाल मिश्र जैसे वरिष्ठ तबला वादक की संगति में पुनः प्रभावशाली प्रस्तुति दी। मणि दा ने एक अन्य प्रसंग सुनाया था कि एक कार्यक्रम में जब पं. कंठे महाराज ने अनुभव किया कि कमजोर तबला वादक की संगति के कारण उनका वादन प्रभावित हो रहा है, तो वे स्वयं तबला लेकर मंच पर आ गये और उनकी संगति करने लगे। मणि दा ने कहा था, “इससे बड़ा सौभाग्य और सम्मान भला मेरा और क्या होगा?”
बंगाल में विकसित विष्णुपुर घराना भारतीय शास्त्रीय संगीत की अत्यन्त प्राचीन और प्रतिष्ठित परम्परा है, जिसका इतिहास तीन सौ वर्ष से भी अधिक पुराना है। इसके बावजूद संगीत के घरानों की चर्चा में इसे अपेक्षित स्थान नहीं मिलता। मणि दा के अनुसार, लगभग तीन सौ वर्ष पूर्व विष्णुपुर के तत्कालीन राजा रघुनाथ सिंह ने तानसेन के वंशज बहादुर खान को आमन्त्रित कर राज्याश्रय दिया था। बहादुर खान से शिक्षा प्राप्त कर रामशरण चक्रवर्ती और गदाधर चक्रवर्ती ने इस परम्परा को स्थापित और विकसित किया। उनके शिष्य जदु भट्ट ने भी इसे आगे बढ़ाया। जदु भट्ट के शिष्यों में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर का नाम भी शामिल है।
इसी परम्परा के महान् कलाकार पं. रामप्रसन्न बनर्जी से मेरे पिता पं. गोकुल नाग ने शिक्षा प्राप्त की थी। पं. रामप्रसन्न के भाई पं. गोपेश्वर बंदोपाध्याय भी महान् संगीतकार थे। मेरे पिता का मुख्य विषय सितार था, लेकिन उन्होंने वीणा, सुरबहार, सरोद, गायन, पखावज और तबले की भी शिक्षा प्राप्त की थी। हमारे परिवार में संगीत की परम्परा उनसे पहले भी थी, लेकिन पूर्वजों ने इसे व्यवसाय या आजीविका का साधन नहीं बनाया था।
इसी घराने में पं. राधिका प्रसाद गोस्वामी जैसे महान् कलाकार हुए, जिनसे ध्रुवपद और खयाल गायकी सीखकर पं. गिरिजाशंकर चक्रवर्ती ने कोलकाता में संगीत का व्यापक प्रसार किया। उनके शिष्यों में पं. तारापद चक्रवर्ती, पं. सौरिन्द्रनाथ बनर्जी और यामिनी गांगुली के नाम उल्लेखनीय हैं। इनके माध्यम से पूरे बंगाल में संगीत की परम्परा समृद्ध हुई। एक ऐतिहासिक तथ्य यह भी है कि उस्ताद अलाउद्दीन खान ने विष्णुपुर घराने के कलाकार पं. नित्यानंद गोस्वामी से सितार सीखा था। उन्होंने स्वामी विवेकानन्द के भाई हाबू दत्त, जिनका वास्तविक नाम अमृतलाल दत्त था, से वायलिन की शिक्षा भी प्राप्त की थी। इस प्रकार उस्ताद अलाउद्दीन खान का भी विष्णुपुर घराने से सम्बन्ध जुड़ता है।
प्रचार-प्रसार और शोर-शराबे से दूर रहने वाले पं. मणिलाल नाग को अनेक पुरस्कारों और सम्मानों से अलंकृत किया गया। इनमें अलाउद्दीन पुरस्कार, सामापा वितस्ता सम्मान, बंग विभूषण सम्मान, एशियाटिक सोसाइटी का स्वर्ण पदक, केन्द्रीय संगीत नाटक अकादेमी पुरस्कार और पद्मश्री प्रमुख हैं। उनकी सुपुत्री विदुषी मीता नाग भी एक अच्छी सितार वादिका हैं।
मणि दा का अवसान केवल एक महान् सितार वादक का जाना नहीं है, बल्कि संगीत की उस परम्परा का भी बड़ा नुकसान है, जिसमें सादगी, साधना और सुरों की सचाई को सर्वोपरि माना जाता था। वे अपने वादन से शोर पैदा करने में नहीं, बल्कि श्रोता के हृदय की गहराई तक पहुँचने में विश्वास करते थे। आज जब संगीत में प्रचार और प्रदर्शन का शोर बढ़ता जा रहा है, तब मणि दा की कला और उनकी सादगी का स्मरण और भी जरूरी हो जाता है।
उनकी पावन स्मृतियों को अशेष प्रणाम।








