पुराने बाजार में एक सामाजिकता और सामूहिकता थी। लोगों के बीच संवाद थे। परस्पर काम आ पाने की चाह थी। नये बाजार ने सहकारिता के इस भाव को अपदस्थ कर दिया है। आदमी बाजार में होते हुए भी अकेला रह गया है। पुराने बाजार की सामूहिता नये बाजार के अकेलेपन में तब्दील हो गयी है। सामूहिकता अगर पुराने बाजार का मूल चरित्र था तो नये बाजार का मूल चरित्र अकेलापन हो गया है। नया बाजार किसी भी तरह के संवाद के बजाय चीजों से आक्रान्त चेतना का निर्माण करता है।
स्पष्ट है कि बाजार आज अपने सम्पूर्ण चरित्र में आक्रामक हो गया है। यह आक्रामकता भूमण्डलीकरण की प्रक्रिया के चलते आयी है। आज का बाजार और उसका उपभोक्तावाद दरअसल भूमण्डलीकरण की प्रक्रिया की आड़ में चलने वाली नव साम्राज्यवादी नीति का हथकण्डा बन गया है। उपभोक्तावाद और बाजारवादी अर्थव्यवस्था की मिलीजुली संस्कृति के लिए हिन्दी में ‘बाजारवाद’ शब्द प्रचलित है। जो फर्क बाजार और बाजारवाद में है, वही फर्क उपभोग और उपभोक्तावाद में भी है। बाजारवाद के स्वरूप को सपष्ट करते हुए भगवान सिंह ने लिखा है, ‘बाजारवाद बाजार की तार्किक परिणति है। बाजार हमारी आवश्यकताओं की पूर्ति करता है और बाजारवाद उन्हीं समस्याओं को और उग्र करता है जिनसे मुक्ति दिलाने का दावा करता है। बाजारवाद पूँजीवाद की नहीं, अपितु संकटग्रस्त पूँजीवाद या उत्तर-पूँजीवाद की सन्तान है।
सामान्य जीवन के लिए जिस तरह बाजार की जरूरत होती है ठीक उसी तरह उपभोग अथवा भोग की भी जरूरत होती है। उपभोग और बाजार दोनों एक तरह से मानव जीवन की संचालक शक्तियाँ हैं। भोजन, कपड़ा, मकान, शृंगार और आनन्द आदि के लिए जितनी भी जरूरत की चीजें संसार में मौजूद हैं, वे वास्तव में मानवीय उपभोग की चीजें ही हैं। जयशंकर प्रसाद ने कामायनी में लिखा था, ‘कर्म का भोग, भोग का कर्म, यही जड़ का चेतन-आनन्द’। आनन्द की प्राप्ति के लिए कर्म से प्राप्त संसाधनों का भोग जरूरी होता है, ठीक उसी तरह भोग के लिए कर्म। भोग के बिना कर्म का महत्त्व नहीं होता। भारतीय परंपरा में उपभोग की एक सम्यक धरणा मिलती है। लेकिन उपभोक्तावादी संस्कृति ठीक इसके विपरीत उपभोग को ही सर्वोपरी सच के रूप में स्थापित करने की कोशिश करती है। बाकी सारे मूल्य इसके सामने फीके पड़ जाते हैं।
इस तरह इसका एक परोक्ष हमला मानवीय मूल्यों पर भी पड़ता है। ठीक इसी तरह हमारी जरूरत की चीजें इकट्ठे उपलब्ध हो सकें बाजार इसी का एक सामूहिक उपक्रम है, जबकि बाजारवाद अपनी शर्तों पर हमारे सामने चीजों का भंड़ार खड़ा कर देता है और प्रचार-प्रसार के विभिन्न हथकंडे अपनाकर हम पर जादुई प्रभाव पैदा करना चाहता ताकि चीजों की ख़रीद-फरोख़्त में बुद्धि का इस्तेमाल करने के बजाय हम बाजार प्रदत्त सेंसेशन से संचालित हों।
उपभोक्तावाद का संबंध मूलतः मध्य वर्ग से है। ग़रीब इससे वंचित तो नहीं हैं, असर उनपर भी है लेकिन सीमित आय और अभाव का असर भी उपभोक्तावादी संस्कृति की मार से कुछ हद तक बचाता है। वैसे इक्कीसवीं शताब्दी में इसकी चपेट मे ग़रीब भी आ ही गए हैं किसी न किसी तरह। उपभोक्तावादी संस्कृति पूँजीवादी व्यवस्था की देन है। पूँजीवादी शोषण व्यवस्था ने ही उभोक्तावादी संस्कृति को पूरी दुनिया में फैलाया है। इससे उसका अपना अस्तित्व भी जुड़ा है।
इस संबंध में सच्चिदनंद सिन्हा लिखते हैं, ‘आज उपभोक्तावाद पूँजीवादी शोषण व्यवस्था का ही परिणाम भर नहीं है बल्कि उसे जिंदा रखने का सबसे कारगर हथियार भी है।’ पूँजीवादी शोषण व्यवस्था और उपभोक्तावादी संस्कृति दोनों का अन्योन्याश्रित संबंध है। पूँजीवाद चीजों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की प्रक्रिया पर टिका हुआ है। अतः स्वाभाविक रूप से उसे पूरी दुनिया में उपभोग की प्रवृति को एक्सीलरेट करना ही होगा वर्ना पूँजीवादी व्यवस्था ढह जाएगी अगर चीजों के बिकने की सूरत न बनी।
विश्व बाज़ार की सांस्कृतिक बर्बरता
इसलिए विश्व के पूँजीवादी उत्पादन को एक विश्व बाजार की भी जरूरत है। स्पष्ट है कि पूँजीवाद के अस्तित्व के लिए यह जरूरी है कि निरंतर उत्पादन होता रहे और मुनाफा भी होता रहे। सच्चिदानंद सिन्हा ठीक ही लिखते हैं, ‘इस बात का निरंतर प्रयास होता है कि लोगों में उत्तरोत्तर उपभोगवृत्ति को तेज किया जाए जिससे ग्राहकों का अभाव न हो। इस तरह उपभोक्तावादी संस्कृति उपभोग की प्रवृत्ति को निरंतर उकसाकर पूँजीवादी उत्पादन को जीवित रखती है।’
तीसरी दुनिया का मध्यवर्ग इसका लक्ष्य वर्ग है। वही इसकी चपेट में भी है। इसी का परिणाम है कि चीजों के प्रति एक दीवानगी लोगों में देखने को मिलती है। उपभोक्तावादी संस्कृति ने लोगों में उपभोग की वस्तुओं को जमा करने की लत लगा दी है। इसी से पूँजीवाद फलफूल रहा है। इस प्रकार वर्तमान पूँजीवादी औद्योगिक सभ्यता उपभोक्तावादी संस्कृति का आधार है। इसने समाज के हर क्षेत्र का व्यावसायीकरण किया। इसने मनुष्य की सहज उपभोगवृत्ति को भी व्यावसायिक रंग में ढालकर अपने लिए आधार तैयार किया।
बहरहाल उपभोक्तावादी संस्कृति पूँजीवादी शोषण व्यवस्था का महत्त्वपूर्ण हथकण्डा है। उपभोक्तावाद दरअसल पूँजीवादी व्यवस्था का ही चारित्रिक विस्तार है। इसलिए कि यह एक विशेष किस्म की ग़ैरबराबरी पैदा करता है। जाहिर तौर पर विज्ञापन की इसमें भी महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। एक विज्ञापन आता है जिसका मकसद है एच.डी. चैनल्स की खरीददारी का प्रचार-प्रसार। उसमें कई बच्चे एक साथ झूमते हुए यह गाते नजर आते हैं, ‘डब्बा है डब्बा, अंकल का टी.वी. डब्बा’।
उस आदमी के पास एच.डी. चैनल्स नहीं हैं इसके लिए उसका मजाक उड़ाया जाता है, उसे नीचा दिखाया जाता है। इस तरह एक महीन लेकिन स्पष्ट विभाजक रेखा खींची जाती है जिसके पास वह वस्तु है उसके और जिसके पास वह वस्तु नहीं है उसके बीच। इस प्रकार मनुष्य के सेंसेशन का इस्तेमाल करके उपभोक्तावाद एक नया सामाजिक विभाजन पैदा करता है। सच्चिदानंद सिन्हा लिखते हैं, ‘उपभोक्तावादी संस्कृति, समाज को किसके पास क्या उपभोग की वस्तुएँ उपलब्ध हैं, इस आधार पर असंख्य वर्गों में बाँटती जाती है और उनके बीच भावनात्मक भेद पैदा करती है।’ इस प्रकार उपभोक्तावादी संस्कृति और बजार में सामाजिक समतामूलक मूल्यों का निषेध है।
बाजार एक तरह की आर्थिक पद्धति है। विनिमय की प्रक्रिया बाजार के समूचे तन्त्र की धुरी है। विनिमय नये सामाजिक सम्बन्धों के निर्माण के मुख्य आधारों में से एक है। नये बाजार का सीधा हमला हमारी समझ और संवेदना पर है। नया बाजार कहीं अधिक आक्रामक हुआ है। इस नये बाजार को आर्थिक पद्धति के रूप में देखे जाने के बजाय सांस्कृतिक साम्राज्यवाद से उसके गहरे सरोकारों की पड़ताल की जानी चाहिए। नया बाजार दरअसल सांस्कृतिक साम्राज्यवाद का कारगर हथियार है।
नये बाजार की इस भूमिका को समझने की कोशिश करते हुए अच्युतानंद मिश्र ने लिखा है, ‘एक ही समय वह प्रतिरोध और समर्थन दोनों को व्यावसायिक मूल्य के रूप में विकसित कर उपभोग में बदल सकता है।’ यही नहीं संवेदनाओं को भी वह प्रोडक्ट में तब्दील कर देता है। नया बाजार प्रतिरोध, समर्थन और संवेदना को उतनी ही जगह देता है जितना कि उनको अपनी जरूरत के मुताबिक कैननाईज कर सके।
बाजार का यह नया स्वरूप समाज की पारम्परिक अवधारणा को नष्ट करता है। गिफ़्ट संस्कृति का इस कदर प्रचलन हुआ है कि ख़ून के रिश्तों को भी अब गिफ़्ट के फेबीकॉल की जरूरत है। बाजार इस कदर हमलावर हो गया है कि उसके बिना अब ‘रिश्तों की मिठास’ नहीं बच सकती। बाजार ने वर्चस्व की अवधारणा से जुड़कर मनुष्य को महज उपभोक्ता में बदल दिया है। इस तरह बाजार की नयी अवधारणा मनुष्य की अवधारणा के खिलाफ़ ठहरती है। मनुष्य की अवधारणा में विचार, तर्क, बुद्धि, सन्देह और प्रतिरोध शामिल होते हैं। नये बाजार का हमला मनुष्य होने की इन्हीं प्रवृत्तियों पर है। मनुष्य की इन्हीं प्रवृत्तियों को नष्ट कर के वर्चस्व की अवधारणा वास्तविक जमीन पा सकती है। दरअसल वर्चस्व की अवधारणा ही बाजार का मेकानिजम है।