यूँ कोई कैसे मुस्कुराना छोड़ सकता है?
बॉलीवुड में एक के बाद एक चौंकाने वाली कई मौतों के बाद अब मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुँचकर फिलहाल मामले की जाँच में जुटी है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि उनके निधन की जानकारी घर में काम करने वाले एक नौकर ने पुलिस को दी थी। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, सुशांत ने शनिवार रात को करीबी दोस्तों को पार्टी दी थी। हालांकि उनके दोस्तों ने इसकी पुष्टि नहीं की। पार्टी के बाद सुशांत काफी लेट सोने गये थे। ऐसे में सुबह देर तक बाहर नहीं आए। बाद में जब उनका दरवाजा खटखटाया तो भी आवाज नहीं आई। इस पर उनके डोमेस्टिक हेल्प ने सुशांत के दोस्तों को इस बारे में बताया। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो सुशांत फंदे से लटकते मिले।
सुशांत के दोस्तों ने बताया कि वह डिप्रेशन की वजह से दवाइयां ले रहे थे। बीती रात सुशांत के कुछ दोस्त भी उनके साथ थे। सुबह जब सुशांत ने दरवाजा नहीं खोला तो उनके दोस्तों ने दरवाजा तोड़ा अंदर फांसी से उनकी लाश झूल रही थी। इसके बाद नौकर ने पुलिस को फोन किया।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय में बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों ने इस दुनिया को अलविदा कहा है। अप्रैल के महीने में इरफान खान और ऋषि कपूर जैसे लेजेंडरी कलाकारों का निधन हुआ तो वहीं हाल ही में सिंगर और म्यूजिक कंपोजर वाजिद खान का 42 साल की उम्र में निधन हुआ। इसके अलावा पिछले महीने वरिष्ठ गीतकार योगेश गौर भी इस दुनिया को अलविदा कह गये।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने आत्महत्या की थी। सुशांत ने अपनी इंस्टा स्टोरी में दिशा को लेकर लिखा था, ‘ये बहुत दुखद खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।
सुशांत सिंह राजपूत का जन्म 21 जनवरी 1986 को पटना, बिहार में हुआ था। एक्टिंग में आने से पहले सुशांत ने इंजीनियरिंग की थी। उन्होंने AIEEE में पूरे भारत में सातवां स्थान हासिल किया था। सुशांत ने मैकेनिकल इंजिनियरिंग में डिग्री ली थी। बाद में वे श्यामक डावर की डांस क्लास से जुड़ गये थे। फिर बैरी जॉन से उन्होंने एक्टिंग भी सिखी। उनके पिता सरकारी अधिकारी हैं और उनके भाई नीरज कुमार विधायक हैं। उनका परिवार सन् 2000 के शुरूआती समय में दिल्ली में बस गया। सुशांत की 4 बहनें भी हैं जिसमें से एक मीतू सिंह राज्य स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी हैं।
सुशांत के करियर की शुरूआत बैकअप डांसर के रूप में हुई थी और उन्होंने फिल्मफेयर अवार्डस में कई बार डांस भी किया था। वहीं पर उनको सबसे पहले बालाजी टेलीफिल्मस की कास्टिंग टीम ने नोटिस किया जिसके बाद उनके करियर की शुरूआत ‘किस देश में है मेरा दिल’ नामक सीरियल से हुई जिसमें उन्होंने प्रीत जुनेजा का किरदार निभाया था लेकिन जीटीवी का शो ‘पवित्र रिश्ता’ उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। इसके बाद वे डांस रियलिटी शो ‘जरा नच के दिखा 2 और झलक दिखला जा 4 में भी दिखाई दिए और इसके बाद सुशांत ने फिल्मों का रूख कर लिया और ‘काय पो चे’ फिल्म से अपना फिल्मी सफर शुरू किया।
इसके बाद वो शुद्ध देसी रोमांस में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे थे। हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। फिल्म केदारनाथ में वे सारा अली खान के साथ दिखे थे। सुशांत सिंह आखिरी बार ड्राइव फिल्म में नजर आए थे जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। 34 साल के सुशांत सिंह ने 11 फिल्मों में काम किया। उनकी ज्यादातर फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर काफी कमाई भी की।
विज्ञान गल्प पर उनकी फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ आने वाली थी जिसकी शूटिंग बजट के अभाव में फिलहाल रोक दी गई थी। सुशांत ने एक के बाद एक तेजी से कई फिल्में साइन कर ली थीं। लेकिन उनकी कई फिल्में या तो रिलीज में देरी के कारण नाकामयाब रही या फिर रिलीज ही नहीं हो सकीं।
सुशांत से जुड़े कुछ तथ्य
1. सुशांत पढ़ाई में काफी अव्वल थे, इस वजह से वे कई परीक्षाओं में बैठे और सफल हुए लेकिन उन्हें तो अपना करियर फिल्मों में बनाना था इसलिए वे पहले दिल्ली आए और इसके बाद मुंबई का रूख किया।
2. सुशांत मशहूर कोरियोग्राफर श्यामक डावर के छात्र रहे हैं। सुशांत ने 2006 के कॉमनवेल्थ खेलों में भी परफॉर्म किया था। इसके बाद 51वें फिल्मफेयर अवार्डस में भी वे बैकग्राउंड डासंर के तौर पर काम कर चुके हैं।
3. मुंबई आने के बाद उन्होंने एक डांस ग्रुप के साथ भी परफॉर्म किया जिसको मशहूर कोरियोग्राफर ऐश्ले लोबो ने प्रशिक्षित किया था। इसके बाद उन्होंने थियेटर ज्वाइन किया और शायद यही कारण है कि वे एक मेहनती अभिनेता बनने में सफल हुए।
4. उन्होंने मशहूर एक्शन डायरेक्टर अलन अमीन से मार्शल आर्ट्स के गुर भी सीखे हैं।
5. पवित्र रिश्ता में निभाए गये अपने किरदार मानव देशमुख से वे घर-घर की पसन्द बन गये।
6. वे ‘जरा नच के दिखा 2’ और ‘झलक दिखला जा 4’ जैसे बड़े डांसिग शोज के भी प्रतिभागी रहे हैं और ‘झलक दिखला जा 4’ के दौरान उन्हें ‘मोस्ट कंसिस्टेंट परफॉर्मर’ का टाईटल भी मिल चुका है।
7. अपनी पहली ही फिल्म से सबकी नजर में अपनी जगह बनाने वाले सुशांत का भी जीवन आसान नहीं रहा है। मां बाप की इच्छा के बिना उन्होंने फिल्मों को अपना करियर चुना और आज इंडस्ट्री में अपना एक अलग मुकाम स्थापित किया है।
8. फिल्म ‘काय पे चे’ में निभाए गये अपने किरदार की प्रेरणा उन्हें अपनी बहन मीतू सिंह से मिली थी जो राज्य स्तर की किक्रेट खिलाड़ी हैं।
9. एक समय था जब उनके साथ अभिनेत्रियां काम तक नहीं करना चाहती थीं क्योंकि वे एक साधारण परिवार से थे और उनका कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था। फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ इसका उदाहरण है। काफी समय बाद फिल्म के लिए परिणीति चोपड़ा को साइन किया गया था।
10. डायरेक्टर दिबाकर बैनर्जी के अनुसार ब्योमकेश बक्शी के किरदार के लिए उनकी पहली पसन्द सुशांत सिंह ही थे।
.