देशबिहारराजनीति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में इन 26 मंत्रियों को मिली जगह

भारत की राजनीति में सुशासन बाबू के नाम से मशहूर नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन गए है। उन्होनें आज 20 नवंबर 2025 को गांधी मैदान में आयोजित समारोह में 10वीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ ले ली है। दसवीं बार शपथ लेने के साथ ही नीतीश कुमार भारत के ऐसे नेता बन गए हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

पटना के गांधी मैदान में आज भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नागालैंड, ओडिशा, दिल्ली, एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

इस दौरान नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के अलावा मंच पर 26 मंत्रियों ने भी बिहार कैबिनेट में राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली। जिनमें बीजेपी के 14, जदयू से 8, लोजपा(आर) से 2, हम और कुशवाहा की पार्टी से 1-1 को मंत्री बनाया गया है।

इन 26 मंत्रियों ने ली शपथ

  1. सम्राट चौधरी
  2. विजय कुमार सिन्हा
  3. विजय कुमार चौधरी
  4. बिजेन्द्र प्रसाद यादव
  5. श्रवण कुमार
  6. मंगल पाण्डेय
  7. डॉ. दिलीप जायसवाल
  8. अशोक चौधरी
  9. लेसी सिंह
  10. मदन साहनी
  11. नितिन नवीन
  12. राम कृपाल यादव
  13. संतोष कुमार सुमन
  14. सुनील कुमार
  15. मोहम्मद जमा खान
  16. संजय सिंह ‘टाइगर’
  17. अरुण शंकर प्रसाद
  18. सुरेन्द्र मेहता
  19. नारायण प्रसाद
  20. रमा निषाद
  21. लखेन्द्र कुमार रौशन
  22. श्रेयसी सिंह
  23. डॉ. प्रमोद कुमार
  24. संजय कुमार
  25. संजय कुमार सिंह
  26. दीपक प्रकाश

बीजेपी से 14, जदयू से 8 मंत्री बने….

बीजेपी कोटे से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे,रामकृपाल यादव, नीतिन नवीन, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद,रमा निषाद,लखेंद्र सिंह रौशन, श्रेयसी सिंह और प्रमोद कुमार समेत 14 मंत्री बने।

वहीं जदयू कोटे से विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार,अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मोहम्मद जमा खान, मदन साहनी और सुनील कुमार समेत 8 मंत्री बने।

इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से संजय कुमार और संजय कुमार सिंह मंत्री बने। वहीं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष सुमन (जीतन राम मांझी के बेटे) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश (उपेंद्र कुशवाहा के बेटे) मंत्री बने।

26 मंत्रियों में तीन महिलाएं और एक मुस्लिम विधायक

सीएम नीतीश कुमार के साथ जिन 26 मंत्रियों ने शपथ ली उनमें तीन महिलाएं और एक मुस्लिम विधायक भी शामिल है। महिला विधायकों में लेसी सिंह जनता दल (यूनाइटेड) की विधायक हैं। इसके अलावा रमा निषाद और श्रेयसी सिंह बीजेपी की विधायक हैं, जिन्हें कैबिनेट में जगह मिली है। वहीं जदयू ने मोहम्मद जमा खान को फिर मंत्री बनाया है।

 तीन महिला विधायकों को कैबिनेट में मिली जगह 

लेसी सिंह 

नीतीश कुमार ने जदयू की विधायक लेसी सिंह पर एक बार फिर भरोसा जताया है। बिहार विधानसभा चुनाव में धमदाहा सीट पर राजद के संतोष कुमार यादव को 55,159 वोटों से मात देने वाली लेसी सिंह ने आज मंत्री पद की शपथ ली। लेसी सिंह पिछली सरकार में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री थीं।

रमा निषाद 

लेसी सिंह के अलावा बीजेपी की रमा निषाद को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रमा निषाद ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। वे निषाद समुदाय से आती हैं, जो बिहार के पिछड़े वर्गों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशी भोगेन्द्र सहनी को 57,206 वोटों के विशाल अंतर से हराया था।

श्रेयसी सिंह

इनके अलावा श्रेयसी सिंह को भी पहली बार कैबिनेट में जगह मिली है। श्रेयसी सिंह जमुई विधानसभा सीट से विधायक बनी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार मोहम्मद शमशाद आलम को 54,498 वोटों से हराया था।

जनता दल (यूनाइटेड) के जमा खान बने मंत्री 

वहीं जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक मोहम्मद जमा खान नीतीश कुमार की कैबिनेट में शामिल एक मात्र मुस्लिम चेहरा हैं। मोहम्मद जमा ख़ान चैनपुर विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड के विधायक बने हैं, उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बृज किशोर बिंद को 8,362 वोटों से हराया था।

 

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की हुई जीत

आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का मतदान दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को हुआ था। इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 को आए थे। इस चुनाव में बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल कर एनडीए सबसे बड़ी पार्टी बनी। बीजेपी को 89 सीटे मिली। वहीं जेडीयू को 85 सीटों पर जीत हासिल हुई। इसके अलावा आरजेडी को 25, एलजेपी (आर) को 19, कांग्रेस को 6,  एआईएमआईएम को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई।

19 नवंबर को नीतीश कुमार ने दिया था इस्तीफा 

बीते बुधवार 19 नवंबर को पहले सीएम हाउस में जदयू के विधायक दल की मीटिंग हुई। बैठक में नीतीश कुमार को विधान मंडल दल का नेता चुना गया। इसके बाद बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से NDA विधायक दल का नेता चुना गया। फिर नीतीश कुमार राज्यपाल से मिले और उन्होनें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। आज 20 नवंबर को एक बार फिर नीतीश कुमार बिहार के नए मुख्यमंत्री बन गए है। उन्होनें 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

Show More

SABLOG

सबलोग : सच के साथ, सब के साथ * ISSN: 2277-5897
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Related Articles

Back to top button
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x