
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे अब लगभग साफ हो चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर एनडीए प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापसी करती दिख रही है। 243 विधानसभा सीटों के अब तक आए रुझान में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रही है।्
एनडीए का आंकड़ा 200 पार कर गया है। वहीं, महागठबंधन ने महज 35 सीटें जीत ऐसे में अब एनडीए बिहार की सत्ता में पूर्ण बहुमत के वापसी करने को तैयार है। एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शपथ ग्रहण की तैयारी भी शुरू कर दी है। इसके साथ ही देश के अलग- अलग राज्यों में बीजेपी बिहार चुनाव में मिली जीत का जश्न मना रही है।
एनडीए या महागठबंधन… किसे मिली ज्यादा सीटें ?
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में हुए मतदान के बाद आज मतगणना हुई और चुनाव के नतीजे घोषित किए गए है। इसी के साथ एक बार फिर एनडीए गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों और घोषित नतीजों के अनुसार, एनडीए ने 243 सीटों में से 200 से ज्यादा सीटें जीत ली है।
वहीं इस बार तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-वाम दल) महज 35 सीटों तक सिमट गई। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने एक भी सीट नहीं जीती हैं। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM पार्टी ने 6 सीटें जीती हैं।
प्रधानमंत्री बोले- बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जनता का धन्यवाद किया। चुनाव के रूझान सामने आने के बाद पीएम मोदी बीजेपी के दिल्ली स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एनडीए की जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इसके साथ ही सीएम नीतीश कुमार की तारीफ भी की।
बिहार में एनडीए की बंपर जीत से पीएम मोदी गदगद नजर आए। उन्होंने गमछा लहराकर सभी का अभिवादन किया और कहा कि बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया। उन्होनें आगे कहा कि मैं बिहार के युवाओं का विशेष अभिनंदन करता हूं। नीतीश कुमार ने शानदार नेतृत्व दिया।
बिहार ने 2010 के बाद सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया- पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला MY Formula बनाया था। लेकिन आज की जीत ने एक नया सकारात्मक ‘MY Formula दिया है, और ये है — महिला और यूथ।
फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली- पीएम मोदी
बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गर्व दिया। झूठ हारता है, जन विश्वास जीतता है। डंके की चोट पर लोगों ने संदेश दिया कि जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी। भारत के लोग तेज विकास चाहते हैं, विकसित भारत चाहते हैं। अब बिहार 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर बढ़ रहा है। बिहार की भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली। बिहार को कांग्रेस और लाल झंडे वालों ने बर्बाद किया। आज वो दिन इतिहास बन गए। आज के परिणाम बिहार के विकास विरोधियों को जवाब है।
नीतीश कुमार ने भी बिहार की जनता का किया धन्यवाद
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। इस जीत पर बिहार की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने लिखा कि ‘बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों का भी आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।










